राहुल राजपूत
जिला क्राइम रिपोर्टर
24 जनवरी, 2023 विकास खण्ड कासगंज परिसर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित।राष्ट्रीय बाल कन्या दिवस समारोह मनाया गया।
कासगंज: उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर विकास खण्ड कासगंज परिसर में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, जिलाध्यक्ष भाजपा के0पी0 सिंह सोलंकी, अध्यक्ष जिला पंचायत प्रतिनिधि बाॅबी कश्यप की उपस्थिति में जनसहभागिता के साथ उत्तर प्रदेश दिवस तथा राष्ट्रीय बाल कन्या दिवस सम्मान समारोह का आयोजन भव्यता के साथ किया गया।
उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में टाॅपर रहीं छात्राओं, हाईस्कूल व इण्टर मीडिएट की मेधावी छात्राओं तथा वाल पेंटिंग, स्लोगन आदि प्रतियोगिताओं में विजेता रही छात्राओं को प्रशस्ति पत्र तथा बीसी सखियों आदि को जिलाधिकारी एवं अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं साड़ी वितरित कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग द्वारा 05 लाभार्थियों को मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह योजना आदि से लाभांवित कराया गया। उद्यान विभाग द्वारा 05 लाभार्थी किसानों को फूलगोभी, टमाटर, मसाला मिर्च की खेती व मिनी स्प्रिंकलर योजना हेतु स्वीकृति प्रमाण पत्र, समाज कल्याण विभाग द्वारा 08 लाभार्थियों को वृद्वावस्था पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, मत्स्य विभाग द्वारा 13 मत्स्य पालकों को मछुआ दुर्घटना बीमा के प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय आजीविका मिशन द्वारा 20 बी0सी0 सखियों तथा 15 बैंक सखियों को प्रशस्तिपत्र तथा साड़ी वितरण कराकर लाभांवित कराया गया। पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय योजना के अंतर्गत अच्छा कार्य करने वाले जनपद के 10 ग्राम प्रधानों को सम्मानित कराया गया। कौशल विकास मिशन के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। पशुपालन विभाग द्वारा 05 महिला लाभार्थियों को कुक्कुट पालन योजना के अंतर्गत स्वीकृति प्रमाण पत्र देकर लाभांवित किया गया। इसके साथ ही समस्त विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को समारोह में सम्माानित कराया गया।
उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में प्रोबेशन विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, पंचायती राज विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, कौशल विकास, डूडा, लीड बैंक, कृषि विभाग, गन्ना, पशुपालन विभाग, श्रम विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वयं सहायता समूह, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अनेकों विभागों द्वारा भव्य विभागीय स्टाल लगाकर जनसामान्य को संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। जिनका अतिथियों द्वारा अवलोकन कर प्रशंसा की गई।
समारोह में मुख्य विकास अधिकारी सचिन, मुख्य चिकित्साधिकारी, बीएसए, डीपीआरओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
--------------
संपूर्ण जनपद में धारा 144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू
कासगंज: आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक एवं राजनैतिक संगठनों एवं व्यक्तियों द्वारा जनपद में धरना, प्रदर्शन, जुलूस, मार्च, पदयात्रा व असामाजिक क्रियाकलापों व कार्यक्रमों से शांति व्यवस्था भंग हो सकती है। गणतंत्र दिवस, महाशिव रात्रि, होली आदि त्यौहारों तथा परीक्षाओं को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट हर्षिता माथुर द्वारा लोक व्यवस्था, शांति व्यवस्था एवं जन सुरक्षा बनाये रखने हेतु पूरे जनपद कासगंज सीमा क्षेत्र में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से 22 मार्च 2023 तक के लिये निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
जारी आदेशों के अनुसार जनपद में किसी भी व्यक्ति या संगठन द्वारा किसी कार्यक्रम के द्वारा साम्प्रदायिक सद्भाव व सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास नहीं किया जा सकेगा। कोई भी व्यक्ति आग्नेय अस्त्र, विस्फोटक पदार्थ, हथियार, अस्त्र शस्त्र साथ लेकर नहीं चलेगा और न ही उनका प्रदर्शन करेगा। लाइसेंसी अस्त्रों का प्रदर्शन व उपयोग तथा हर्ष फायरिंग प्रतिबंधित रहेगी। किसी भी व्यक्ति या संगठन द्वारा ऐसा कोई कार्य नहीं किया जायेगा, जिससे किसी की धार्मिक भावनायें आहत हों अथवा धार्मिक उन्माद की स्थिति उत्पन्न हो। बिना मजिस्ट्रेट की अनुमति के कोई भी कार्यक्रम का आयोजन अथवा लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं किया जायेगा। किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम से झूठी अफवाहें फैलाने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी।
आदेशों का उल्लंघन दण्डनीय अपराध होगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
-------------
आज मनाया जायेगा राष्ट्रीय मतदाता दिवस, दिलाई जायेगी शपथ। शारदा जौहरी कन्या विद्यालय में होगा वृह्द कार्यक्रम।
कासगंज: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज 25 जनवरी 2023 को 13वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जनपद में पूर्ण उत्साह के साथ मनाया जायेगा। इस बार राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम है-नथिंग लाइक वोटिंग, आई वोट फोर स्योर-वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम। मतदाता दिवस पर समस्त कार्यालयों, स्कूल, कालेजों एवं शैक्षिक संस्थाओं में अपरान्ह 01 बजे, मतदाता शपथ दिलाई जायेगी।
जनपद मुख्यालय पर शारदा जौहरी कन्या विद्यालय कासगंज में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर वृह्द कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर पोस्टर पंेटिंग प्रतियोगिता, रंगोली, स्लोगन प्रतियोगिता एवं थीम पर आधारित अभिभाषण प्रतियोगितायें भी आयोजित की जायेंगी।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 25 जनवरी 2023 को आयोग के निर्देशानुसार अपरान्ह 01 बजे, राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मतदाताओं द्वारा शपथ ली जायेगी कि-हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुये यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुये निर्भीक होकर धर्म वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुये बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
------------
परम्परागत ढंग से मनाया जायेगा गणतंत्र दिवस, प्रातः8ः30 बजे होगा ध्वजारोहण।
कासगंज: जनपद में 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस परम्परागत ढंग से धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। सभी सरकारी भवनों पर प्रातः 8ः30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा संविधान में उल्लिखित संकल्प को स्मरण कर राष्ट्रगान का गायन होगा। जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 09 बजे सोरो गेट कासगंज से प्रभात फेरी निकाली जायेगी। प्रातः 9ः30 बजे पुलिस लाइन में, पुलिस परेड का आयोजन किया जायेगा तथा मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली जायेगी। प्रातः 10 बजे सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण किया जायेगा तथा राष्ट्रगान जन-गण-मन का सामूहिक गायन होगा। देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा तथा देशभक्तों के जीवन के प्रेरक प्रसंगों को दोहराया जायेगा। दोपहर 12 बजे जिला चिकित्सालय में रोगियों को फल व मिष्ठान वितरण तथा अपरान्ह 01 बजे समस्त शिक्षण संस्थाओं में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जायेगा।
समस्त नगरीय निकायों द्वारा महापुरूषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर साफ सफाई, रोशनी एवं माल्यार्पण कराया जायेगा तथा सफाई व्यवस्था का विशेष अभियान चलाया जायेगा। सभी सरकारी भवनों को 25 व 26 जनवरी की रात्रि में प्रकाशमान किया जायेगा।
---------------

0 Comments